बाईं ओर मैं ने अपने गूगल होमपेज से मौसम का जो हाल चिपका रखा है, वह चित्र अपनी कहानी कह रहा है। मैं जिस शहर में रहता हूँ, उस का नाम है वेस्टमिन्सटर। यह बाल्टिमोर से केवल 50 किमी की दूरी पर है और वाशिंगटन डीसी से कोई 80 किमी। पर पर फिर भी इन शहरों के मुकाबले वेस्टमिन्सटर में 7-8 डिग्री अन्तर होता है तापमान में। तापमान कम होता है, क्योंकि यह इलाका थोड़ा ग्रामीण टाइप का है — खुली जगह काफी है। इस क्षेत्र का तापमान देख कर मुझे कश्मीर की याद आती है, जहाँ सारा बचपन गुज़रा है। इस बार अभी कोई खास बर्फ नहीं पड़ी है, हालाँकि इतनी सर्दी पड़ रही है। चलो अच्छा है, नहीं तो सुबह-सुबह बेलचा उठा कर घर का ड्राइव-वे साफ करना पड़ता है दफ्तर जाने से पहले।
पर पिछले कुछ दिनों से मैं दफ्तर के काम से मिशिगन सिटी, इंडियाना आया हुआ हूँ, जो शिकागो के पास, लेक मिशिगन के किनारे पर स्थित है। और यहाँ इस बार जो ठंड पड़ रही है, वह मैं ने जीवन में कभी नहीं देखी। इस समय बाहर का तापमान शून्य से तेईस डिग्री नीचे है। शून्य से तेईस डिग्री नीचे। बर्फ भी खासी गिरी हुई है, और गिर भी रही है। यह ग्लोबल वार्मिंग है या ग्लोबल कूलिंग?
दफ्तर के काम से हमें कुछ रेलवे वाहनों में गति परीक्षण करने थे, पर उस काम में भी काफी रुकावट आ रही है। कल काम पर पहुँचने पर यह चित्र खींचा था। बर्फ से ढ़की रेलवे लाइनों को पार करते हुए सोच रहा था कि मेरे कश्मीर में भी अब रेलवे लाइन आ गई है, वहाँ कैसा लगता होगा।

सुरक्षा नियमों के अन्तर्गत आप रेलवे लाइन के क्षेत्र में तभी जा सकते हैं, जब आप ने इस तरह का चमकीला जैकेट पहना हो, हेलमेट पहना हो और सेफ्टी शूज़ (जिस का आगे का भाग स्टील का बना होता है) पहने हों।
Tags: cold
ईमेल से प्राप्त करें
वेस्ट मिंसर जहाँ आप रहतें है ..जैसा की आपने बताया बेहद ठण्ड पढ़ रही है ..आपने सही फरमाया ये तो कुलिंग वार्मिंग का नजारा है ..अद्भुत लेकिन हम लोग तो बर्फ देखने को तरस जातें हैं …कश्मीर की तो बात ही अतुलनीय है ….फिर भी दो दिन सूरज के दर्शन ना हो तो घबहराहत होने लगती है ..सुंदर चित्र…बधाई
कोई लिहाफ देने को तैयार है क्या?
बर्फ देख कर मुझे कँपकपी छुट रही है. वैसे गर्मी पड़ रही है. 17 डिग्री है तापमान.
आपके वेब पन्ने तक आज ही पहुँचा हूँ , त्वरित रूप से कुछ पोस्ट पढ़ी है निसंदेह अच्छा लगा इस लिए लिख रहा हूँ कि इस मकड़ जाल में भी सुख के कुछ पल बिताये जा सकते है।
पहली बार आपके ब्लॉग पर आया। अच्छा लगा। चित्र के साथ रोचक जानकारी बांटते हुए यह पोस्ट अच्छी लग रही है। एक दो पोस्ट और पढी है, उम्मीद है नियमित विचरण करता रहूँगा।